नकली शराब गिरोह पर शिकंजा: फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर पर ₹10 हजार का इनाम घोषित, संपत्ति कुर्की की तैयारी
रायगढ़: रायगढ़ पुलिस ने नकली शराब के संगठित नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी विनय सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी पर ₹10,000 के नगद इनाम की घोषणा की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह ने कहा है कि आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले अथवा महत्वपूर्ण सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस के अनुसार थाना कोतरारोड़ में दर्ज अपराध क्रमांक 178/2026 के तहत आरोपी विनय सिंह ठाकुर की तलाश लगातार जारी है। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है।
8 जून को हुआ था नकली शराब फैक्ट्री का खुलासा
गौरतलब है कि 8 जून 2026 की रात रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम धनागर में संचालित नकली शराब के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया था। छापेमारी के दौरान करीब 240 लीटर नकली शराब, स्प्रिट से भरे ड्रम, फर्जी लेबल, नकली होलोग्राम, ढक्कन और शराब निर्माण में उपयोग होने वाली भारी मात्रा में सामग्री जब्त की गई थी।
कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी दुष्यंत उर्फ पप्पू पटेल को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह अपने भाई सुभाष पटेल और विनय सिंह ठाकुर के साथ मिलकर लंबे समय से नकली शराब का कारोबार चला रहा था।
सुभाष पटेल गिरफ्तार, विनय अब भी फरार
जांच के दौरान पुलिस ने 10 जून को सुभाष पटेल को उसके फार्म हाउस से गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह शराब में स्प्रिट मिलाकर उसकी मात्रा बढ़ाता था और रंग फीका पड़ने पर चायपत्ती का घोल मिलाकर उसे असली शराब जैसा स्वरूप देता था। इसके बाद नकली होलोग्राम और फर्जी लेबल लगाकर विभिन्न क्षेत्रों में बिक्री की जाती थी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, एल्यूमिनियम डेगची और बड़ी संख्या में खाली शराब की बोतलें भी बरामद की थीं।
घर पर चस्पा किया गया नोटिस
मुख्य आरोपी विनय सिंह ठाकुर घटना के बाद से लगातार फरार है। 17 जून को पुलिस टीम उसके विकास नगर स्थित घर पहुंची थी, लेकिन मकान बंद मिला। आसपास के लोगों ने बताया कि आरोपी और उसके परिजन कई दिनों से घर पर नहीं हैं। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार मकान पर नोटिस चस्पा कर आरोपी को तीन दिनों के भीतर थाना कोतरारोड़ में उपस्थित होने का निर्देश दिया था।
संपत्ति कुर्की की तैयारी शुरू
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस अब आरोपी की चल एवं अचल संपत्तियों का ब्यौरा जुटा रही है। इसके लिए जिला पंजीयक और कार्यपालिक दंडाधिकारी को पत्र भेजा गया है। संपत्ति संबंधी जानकारी प्राप्त होने के बाद न्यायालय में कुर्की की कार्रवाई के लिए आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा।
एसएसपी का संदेश
शशि मोहन सिंह ने कहा कि संगठित अपराधियों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से अपील की कि फरार आरोपी के संबंध में कोई भी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा तथा गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले को ₹10,000 का पुरस्कार दिया जाएगा।
पुलिस की टीमें लगातार दबिश, तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं।

